लाइव सिटीज, पटना: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव शुक्रवार को पटना के गर्दनीबाग पहुंचे, जहां बीपीएससी TRE-4 समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं की मांगों को लेकर छात्र और अभ्यर्थी आंदोलन कर रहे हैं। तेजस्वी यादव ने धरनास्थल पर पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से मुलाकात की और उनकी मांगों का समर्थन किया।
इस दौरान तेजस्वी यादव ने बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और उनके साथ संवाद किया जाना चाहिए। तेजस्वी ने शिक्षा मंत्री के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद किसी को घमंड नहीं करना चाहिए।
यादव ने कहा, “जितने भी छात्र आंदोलन कर रहे हैं, उनकी मांगों के साथ हम लोग हैं। ये सही मायने में मांग उठा रहे हैं। सरकार का कर्तव्य बनता है कि पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराई जाए। पेपर लीक ना हो। कोई धांधली और सेटिंग ना हो। यही छात्र चाहते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार बेरोजगारी का केंद्र बनता जा रहा है। उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। तेजस्वी ने कहा, “हम सब मिलकर लड़ेंगे और इस सरकार को उखाड़कर फेंक देंगे। बिहार में महंगाई, गरीबी और बेरोजगारी है। राष्ट्रीय जनता दल आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ खड़ा है।
तेजस्वी यादव ने मिथिलेश तिवारी पर निशाना साधते हुए कहा, “शिक्षा मंत्री कान खोलकर सुन लीजिए। जो छात्र कहेंगे, जनता कहेगी वो ही करना पड़ेगा। आप बाय मिस्टेक मंत्री बने हैं। जनता ही लोकतंत्र में मालिक है। इतना घमंड ठीक नहीं है। आपकी कुर्सी फेवीकोल से चिपकी हुई नहीं है। कितने ही शिक्षा मंत्री आए और चले गए, किसी को याद नहीं है। ये भी कब चले जाएंगे, कोई ठीक नहीं है। ऐसा काम करो कि लोग आपके कार्यकाल को याद करें
