लाइव सिटीज, बेतिया: बेतिया के लौरिया थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है. जहां बेतिया- लौरिया मुख्य मार्ग पर पराउ टोला बनकटवा के पास देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार बस और ट्रक के बीच टक्कर से बचने की कोशिश में बस सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी. हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
इस हादसे में आधे दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. सबसे दर्दनाक बात यह रही की मृतकों में देवेंद्र दुबे का भी नाम शामिल है जिनके बच्चे का छठियार का कार्यक्रम चल रहा था. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया.
वहीं गोरखपुर की तरफ से एक यात्री बस बगहा-लौरिया मुख्य मार्ग होते हुए बेतिया की ओर आ रही थी. सामने से एक तेज रफ्तार ट्रक भी बेतिया की तरफ से गुजर रहा था. पराउ टोला बनकटवा के पास दोनों वाहन एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गए. इसी दौरान बस सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में जा घुसी.
मृतक बहादुर महतो के भाई और प्रत्यक्षदर्शी जयप्रकाश महतो ने बताया कि बस की चपेट में आने से पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आधे दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. सभी मृतकों की पहचान लौरिया थाना क्षेत्र बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई हैं. सबसे दर्दनाक बात यह रही की मृतकों में देवेंद्र दुबे का भी नाम शामिल है, जिनके बच्चे का छठियार का कार्यक्रम चल रहा था.
