HomeBiharजहाज पर कार ले जाने से रोकने पर भड़के JDU सांसद अजय...

जहाज पर कार ले जाने से रोकने पर भड़के JDU सांसद अजय मंडल, जमकर किया हंगामा

लाइव सिटीज, भागलपुर: जहाज पर अपनी कार ले जाने को लेकर JDU सांसद अजय मंडल का विवाद सामने आया है। कार को जहाज पर चढ़ाने से रोके जाने पर सांसद कथित तौर पर नाराज हो गए और मौके पर मौजूद कर्मचारियों के साथ उनकी बहस हो गई। इस घटना को लेकर अब चर्चा तेज हो गई है।

नियमों का हवाला देकर रोका गया वाहन

जानकारी के अनुसार, भागलपुर के बरारी स्थित बियाडा घाट पर सांसद अजय मंडल अपनी कार के साथ गंगा पार कर नवगछिया की ओर जाना चाहते थे। उन्हें एक कार्यक्रम में शामिल होना था। लेकिन घाट पर मौजूद जहाज संचालक ने निर्धारित समय और प्रशासनिक निर्देशों का हवाला देते हुए कार को जहाज पर ले जाने से मना कर दिया। इसके बाद सांसद और जहाज संचालक के बीच बहस शुरू हो गई।

मामला उस समय और बढ़ गया, जब दूसरी ओर से आए जहाज पर एक कार लदी हुई दिखाई दी। सांसद ने इस पर सवाल उठाते हुए आपत्ति जताई और नियमों के पालन में कथित भेदभाव का आरोप लगाया। उनका कहना था कि जब उनकी गाड़ी को नियमों का हवाला देकर रोका गया, तो दूसरी कार जहाज पर कैसे पहुंची?

करीब डेढ़ घंटे तक चला विवाद

घटना के दौरान घाट पर काफी देर तक हंगामे जैसी स्थिति बनी रही। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की। सांसद ने जहाज संचालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर मामले में कार्रवाई नहीं हुई तो जिला प्रशासन के कार्यालय और लोकसभा तक विरोध दर्ज कराएंगे।

वहीं, जहाज प्रबंधन की ओर से बताया गया कि दूसरी तरफ से आई कार उनके कर्मचारियों की थी, जो सामान लाने के सिलसिले में गई थी। इस घटना के बाद घाट पर जहाज संचालन के नियमों और उनके पालन को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home