लाइव सिटीज, सासाराम: सुशासन दिवस के अवसर पर रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के मंत्री डॉ. अशोक चौधरी सासाराम में आयोजित ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम में शामिल हुए। यह कार्यक्रम जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की ओर से आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन के 21 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना था। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम लोगों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री डॉ. अशोक चौधरी ने बिहार में पिछले 21 वर्षों के दौरान हुए विकास कार्यों और शासन व्यवस्था में आए बदलावों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार ने विकास, सुशासन, सामाजिक न्याय और समावेशी प्रगति के क्षेत्र में एक नई पहचान स्थापित की है। राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, महिला सशक्तीकरण, कृषि, आधारभूत संरचना तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्रों में हुए व्यापक बदलाव बिहार की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव हैं।
डॉ. अशोक चौधरी ने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना भी है। बिहार सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं ने समाज के सभी वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का काम किया है। सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना और राज्य में सामाजिक एवं आर्थिक प्रगति को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि ‘नीतीश संवाद’ जैसे कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों को जनता के साथ साझा करने और भविष्य की विकास योजनाओं पर विचार-विमर्श करने का सशक्त माध्यम हैं। ऐसे आयोजन से पार्टी कार्यकर्ताओं और आम लोगों के बीच संवाद स्थापित होता है तथा सरकार की नीतियों और योजनाओं को लेकर जागरूकता बढ़ती है।
मंत्री डॉ. चौधरी ने आगे कहा कि सुशासन, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास की इस ऐतिहासिक यात्रा को और अधिक गति देने के लिए सभी लोग संकल्पबद्ध हैं। बिहार ने पिछले वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और आगे भी जनहित एवं राज्य के विकास को प्राथमिकता देते हुए काम किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं कार्यक्रम प्रभारी विनोद यादव, विधायक बशिष्ठ सिंह, विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी, जदयू रोहतास जिलाध्यक्ष बिंदा चंद्रवंशी, बिहार राज्य महिला आयोग की सदस्य रजिया कामिल अंसारी, बिहार राज्य नागरिक परिषद के सदस्य चंद्रेश्वर चौधरी, प्रदेश सचिव अरुणा देवी, अनंत कुमार गुप्ता, चंदन सिंह, अशोक पटेल एवं ओम प्रकाश सेतु सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
