लाइव सिटीज, पटना: पटना नगर निगम द्वारा आवासीय मोहल्लों में गैर-आवासीय गतिविधियों को लेकर आम नागरिकों को दिए जा रहे नोटिस के निराकरण हेतु कुम्हरार विधानसभा के विधायक संजय कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पटना नगर निगम के पार्षदों के एक शिष्टमंडल ने नगर विकास एवं आवास विभाग के माननीय मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात की।
शिष्टमंडल ने मंत्री जी को पटना नगर निगम क्षेत्र के आम नागरिकों को हो रही असुविधाओं से अवगत कराया। इस पर माननीय मंत्री जी ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि बिहार सरकार इस समस्या के प्रति गंभीरता पूर्वक संवेदनशील है और आम जनता के साथ है, उन्हें भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है।
इस विषय पर बिहार सरकार के *महाधिवक्ता एवं विभाग के वरीय अधिकारियों* के साथ विचार-विमर्श कर विधि-सम्मत तरीके से बहुत जल्द इस समस्या का समाधान कर लिया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल पार्षद श्रीमती पिंकी यादव, श्रीमती शीला देवी, श्रीमती सीमा वर्मा, श्रीमती रजनी सिन्हा, पार्षद प्रतिनिधि श्री राजकुमार चंद्रवंशी एवं पार्षद प्रतिनिधि श्री अर्जुन यादव जी उपस्थित रहे।
