लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय जीत दर्ज कर एमएलसी बने राहुल राज और बंशीधर ब्रजवासी ने बीजेपी को अपना समर्थन दे दिया है। इसे लेकर राजद ने जोरदार हमला बोला है। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने इसे जनादेश की पीठ में खंजर घोंपना करार दिया।
रोहिणी आचार्य ने ट्वीट करते हुए लिखा कि हद है मौकापरस्ती की। मतदाताओं ने जिन्हें निर्दलीय चुनकर भेजा, वो जीतते ही सत्ता के लोभ में बीजेपी की गोद में जा बैठे। यह जनादेश के साथ सीधा धोखा है। रोहिणी ने कहा कि जनता ने इन्हें बीजेपी के सिंबल पर नहीं जिताया था, बल्कि बीजेपी और सत्तापक्ष को सिरे से नकारते हुए इन्हें चुना था, मगर इन मौकापरस्तों ने ये साबित कर दिया कि इनके लिए अपने फायदे के लिए सत्ताधारी दल का साथ और निजी व राजनीतिक स्वार्थ ही सर्वोपरि है।
बता दें, हाल में बिहार की आठ सीटों पर एमएलसी चुनाव हुए थे। इन चुनाव में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय राहुल राज ने जेडीयू के आनंद पुष्कर को हराते हुए जीत दर्ज की थी। वहीं, तिरहुत स्नातक क्षेत्र से निर्दलीय बंशीधर ब्रजवासी ने जदयू के अभिषेक झा को शिकस्त दी थी। शनिवार को दोनों नवनिर्वाचित विधान पार्षद भाजपा कार्यालय में आयोजित विधानमंडल दल की बैठक में शामिल हुए थे। बैठक से पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बंशीधर और राहुल राज का स्वागत किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी मौजूद थे।
