लाइव सिटीज, पटना: बिहार के 7 जिलों में आज मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश होने का अलर्ट है. इस दौरान बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, आज सीमांचल के जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया और कटिहार में मौसम बिगड़ा रह सकता है. बाकी के जिलों में मौसम सामान्य रहने का पूर्वानुमान है.
मौसम विभाग की माने तो, अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य ही बना रह सकता है. 12 सितंबर को सुपौल, अररिया, किशनगंज, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में येलो अलर्ट जारी किया गया है. जबकि 13 सितंबर को बक्सर, भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर जिले में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस तरह से कुछ ही जिले में मौसम बिगड़ा रह सकता है.
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ जिलों में बारिश दर्ज की गई. पटना की बात करें तो, गुरुवार को कड़ी धूप की वजह से लोगों को उमस झेलनी पड़ी लेकिन रात-रात तक मौसम सामान्य हो गया. शुक्रवार की सुबह कई हिस्सों में हल्के बादल दिखे. इसके साथ ही ठंडी हवाएं भी चलीं. आने वाले दिनों में भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई गई है.
