HomeBiharवैशाली हादसे पर भड़के पप्पू यादव, बोले- बिहार में पुल नहीं गिरेगा...

वैशाली हादसे पर भड़के पप्पू यादव, बोले- बिहार में पुल नहीं गिरेगा तो और क्या गिरेगा? दोषियों को सुप्रीम कोर्ट ले जाएंगे

लाइव सिटीज, वैशाली: वैशाली में निर्माणाधीन पुल के लॉन्चर गिरने की घटना के बाद सियासत गरमा गई है। हादसे को लेकर सांसद पप्पू यादव ने निर्माण एजेंसी और व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने SP सिंगला कंपनी को लेकर भी नाराजगी जताई और मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख करने की बात कही।

बिहार के वैशाली जिले में निर्माणाधीन पुल के दौरान हुए हादसे ने एक बार फिर राज्य में पुल निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लालगंज क्षेत्र में गुरुवार को निर्माण कार्य के दौरान पुल का भारी लॉन्चर अचानक गिर गया। हादसे की चपेट में आने से करीब छह से सात मजदूर घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

घटना के बाद सांसद पप्पू यादव ने सरकार और निर्माण से जुड़ी एजेंसी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने SP सिंगला कंपनी को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि बिहार में लगातार पुलों से जुड़े हादसे सामने आ रहे हैं, ऐसे में निर्माण कंपनियों की भूमिका और काम की गुणवत्ता की गंभीर जांच होनी चाहिए।

पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण के मामलों में जिम्मेदारी तय करने के बजाय केवल हादसे के बाद जांच की बात होती है। उन्होंने इस पूरे मामले को गंभीरता से उठाने और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट जाने की बात कही है।

इससे पहले भी पप्पू यादव बिहार में पुल हादसों को लेकर SP सिंगला कंपनी पर सवाल उठाते रहे हैं। भागलपुर पुल हादसे के समय भी उन्होंने कंपनी को लेकर जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की थी।

इधर, वैशाली प्रशासन की ओर से हादसे की जांच की बात कही गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में घायल मजदूरों की स्थिति गंभीर नहीं बताई गई है। NHAI की ओर से भी निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों की समीक्षा की बात सामने आई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments