लाइव सिटीज, भागलपुर: बिहार में बाढ़ की स्थिति के बीच भागलपुर में मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. जिले में दो अलग-अलग जगहों पर तटबंध टूटने की सूचना है. नवगछिया के रंगरा चौक प्रखंड के बनिया में कोसी नदी के दबाव से पुरानी रेलवे लाइन तटबंध का करीब 15 मीटर हिस्सा टूट गया.
वहीं, नवगछिया के गोपालपुर में ब्रह्मोत्तर बांध का करीब 10 मीटर हिस्सा टूटने की सूचना है. एक जगह कोसी का तेज दबाव वजह बताया जा रहा है, जबकि दूसरी जगह देर रात आंधी-बारिश के बाद तटबंध टूटने की बात सामने आई है. दोनों घटनाओं के बाद आसपास के इलाकों में चिंता बढ़ गई है.
रंगरा चौक प्रखंड के बनिया गांव में कोसी नदी के बाढ़ के दबाव से पुरानी रेलवे लाइन तटबंध का करीब 15 मीटर हिस्सा टूट गया. तटबंध टूटने के बाद कोसी नदी का पानी तेज बहाव के साथ आसपास के इलाकों की ओर बढ़ रहा है. इससे साधोपुर, मसुदनपुर, बैसी, भवानीपुर और बनिया समेत अन्य गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है. स्थानीय स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है.
दूसरी घटना नवगछिया के गोपालपुर की है. यहां ब्रह्मोत्तर बांध का करीब 10 मीटर हिस्सा टूटने की सूचना है. बताया जा रहा है कि देर रात आंधी और बारिश के बाद तटबंध का हिस्सा टूट गया. इसके बाद मौके पर बचाव कार्य तेज कर दिया गया है. प्रशासन और स्थानीय लोग स्थिति को संभालने में जुटे हैं. ब्रह्मोत्तर बांध पर चार दिन पहले भी रिसाव हुआ था.
इसके बाद से ही तटबंध की स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई थी. अब करीब 10 मीटर हिस्सा टूटने के बाद खतरा और बढ़ गया है. स्थानीय लोगों की चिंता इस बात को लेकर है कि अगर बांध का बड़ा हिस्सा टूटता है तो गोपालपुर की बड़ी आबादी प्रभावित हो सकती है.
