लाइव सिटीज, पटना: पिछले कई दिनों से रिकॉर्डतोड़ गर्मी और झुलसाने वाली लू की मार झेल रहे बिहार के लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है. बिहार के मौसम ने अचानक एक बड़ा यू-टर्न ले लिया है. मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने आज यानी गुरुवार को पूरे प्रदेश में तेज आंधी, वज्रपात (आकाशीय बिजली) और भारी बारिश को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है.
इस दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से विनाशकारी हवाएं चलने की आशंका है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जाएगी.
मौसम विभाग ने बिहार के सभी 38 जिलों को दो श्रेणियों में बांटकर अलर्ट जारी किया है. इसमें भारी से बहुत भारी बारिश और वज्रपात की आशंका को देखते हुए अधिकांश जिलों को ऑरेंज जोन में रखा गया है:पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, जहानाबाद, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, बेगूसराय, भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, पटना, नालंदा, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका. इन इलाकों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने और खराब मौसम में घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है.
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राजधानी पटना और इसके आसपास के इलाकों में भी आज मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाएगा.भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद और अरवल जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. यहां गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है.
