लाइव सिटीज, पटना: बाढ़ के उमानाथ गंगा घाट पर एक दर्दनाक नाव हादसा सामने आया है. बताया जा रहा है कि छोटे नाव पर करीब 14 से 15 लोग सवार होकर सब्जी तोड़ने के लिए दियारा इलाके में जा रहे थे, तभी तेज हवा के कारण नाव पलट गई और सभी लोग गंगा नदी में डूब गए.
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. आसपास मौजूद नाविकों ने तत्परता दिखाते हुए सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. वहीं बाकी लोगों के डूबने की खबर से इलाके में मातम पसरा हुआ है.
रेस्क्यू के दौरान एक महिला और एक युवक को मृत अवस्था में नदी से निकाला गया है. अभी भी पांच लोगों की तलाश जारी है और आशंका जताई जा रही है कि वे पानी में लापता हैं.
घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ के थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, सीडीपीओ रामकृष्ण, एसडीएम गरिमा लोहिया और अंचलाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे. राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है. वहीं SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है.
