लाइव सिटीज, पटना: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए सिवान फायरिंग मामले को लेकर और बड़े भाई तेज प्रताप यादव की गिरफ्तारी पर हमला किया है. उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को आड़े हाथों लिया और उन्हें सड़क छाप अपराधी करार दिया.
तेजस्वी यादव ने अपने पोस्ट में लिखा है, “7 हत्याओं का आरोपी बिहार का मुख्यमंत्री सड़क छाप अपराधी है, जिसने तमाम लोकतांत्रिक परंपराओं को त्याग देश में पहली बार प्रदर्शनकारी छात्रों पर AK-47 से गोली चलवाई है. छात्रों से समझौते के बाद भी बिहार में हज़ारों छात्रों पर फर्जी केस दर्ज कर हिरासत में लिया जा रहा है, परिजनों को प्रताड़ित किया जा रहा है. अगर छात्रों को रिहा नहीं किया गया तो NDA सरकार को महंगा पड़ेगा.
तेजस्वी यादव ने कहा कि एक सड़क छाप अपराधी प्रवृति वाले व्यक्ति को लोकतंत्र की जननी बिहार में मुख्यमंत्री बना दिया गया है, जिसके नाम- काम और पहचान पर जनता ने कभी वोट नहीं दिया था और ना देगी. लाठी और तंत्र के बल पर आप बिहारियों की आवाज नहीं दबा सकते. अगर यथाशीघ्र छात्र आंदोलनकारियों का रिहा नहीं किया गया तो छात्र फिर आंदोलन पर उतारू होंगे.
