लाइव सिटीज, पटना: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक बार फिर एक्टिव मोड में आ गए हैं. 25 जुलाई को हुए प्रदर्शन के बाद प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी और उन पर फायरिंग किए जाने को लेकर वे भड़क गए हैं. तेजस्वी यादव ने एक्स के जरिए एक पोस्ट शेयर किया है. इसमें उन्होंने सरकार पर तंज कसने के साथ-साथ चेतावनी भी दे दी है.
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लिखा, ‘तमाम लोकतांत्रिक परंपराओं को त्याग देश में पहली बार प्रदर्शनकारी छात्रों पर AK-47 से गोली चलवाई गई है’. आगे उन्होंने यह भी लिखा कि ‘छात्रों से समझौते के बाद भी बिहार में हजारों छात्रों पर फर्जी केस दर्ज कर हिरासत में लिया जा रहा है, परिजनों को प्रताड़ित किया जा रहा है. अगर छात्रों को रिहा नहीं किया गया तो NDA सरकार को महंगा पड़ेगा’
तेजस्वी यादव लंबे समय के बाद रविवार को पटना लौटे. इस दौरान एयरपोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बातचीत के वक्त उन्होंने सरकार पर तंज कसा था. तेजस्वी यादव ने कहा था, छात्र अपने भविष्य को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. इसे लेकर दिल्ली में छात्रों की मांग पर सहमति बन चुकी है. साथ ही आंदोलन के दौरान दर्ज मुकदमे को वापस लेने का फैसला लिया गया. इसके बावजूद छात्रों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है.
