लाइव सिटीज, गया: गया सर्किट हाउस से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां के कमरा नंबर तीन में अचानक एसी का जोरदार ब्लास्ट हुआ और पूरे कमरे में भीषण आग लग गई. इस घटना के बाद सर्किट हाउस परिसर में हड़कंप मच गया. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जान-माल का नुकसान नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया.
संयोग की बात यह रही कि जिस कमरे में यह ब्लास्ट हुआ, उसके ठीक बगल वाले रूम नंबर दो में भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के डायरेक्टर मनोज कुमार अपनी पत्नी के साथ ठहरे हुए थे. वे गया जी में पूजा-पाठ करने के लिए आए थे. प्रशासन द्वारा उन्हें पहले कमरा नंबर तीन ही आवंटित किया गया था, लेकिन उन्होंने अपनी इच्छा से कमरा नंबर दो चुना था.
कमरा नंबर तीन में एसी ब्लास्ट की यह घटना हुई. विस्फोट होते ही कमरे से आग और धुएं की तेज लपटें उठने लगीं, जिससे सर्किट हाउस के कर्मियों के बीच अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम को दी गई. सूचना मिलते ही रामपुर थानाध्यक्ष दिनेश बहादुर सिंह और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. मनोज कुमार और उनकी पत्नी को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
