लाइव सिटीज, पटना: बिहार में प्री मानसून का असर दिख रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के 19 जिलों में आंधी-पानी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है. राजधानी पटना समेत मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों में तापमान में गिरावट हो सकती है. अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस तक हो सकती है.
उत्तर बिहार में अलर्ट: मौसम विभाग ने राज्य के 19 जिले के लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. इन जिलों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है. इसमें सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, खगड़िया, कटिहार, मुंगेर, भागलपुर, बांका और जमुई में आंधी-बारिश को लेकर येलो अलर्ट है. इन जिलों में 11 मई को बारिश होने की संभावना है.
12 मई को इससे भी खराब मौसम होने वाला है. इस दिन पूरे बिहार में बारिश को लेकर अलर्ट जारी है. इसमें आधे राज्य में ऑरेंज अलर्ट तो आधे में येलो अलर्ट जारी किया गया है. पूरे राज्य में 50 से 60 किमी की रफ्तार से तेज हवा, मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ मूसलाधार बारिश होगी.
मौसम में बदलाव के कारण राज्य में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है. बीते 24 घंटे की रिपोर्ट देखें तो गयाजी सबसे ठंडा जिला रहा. यहां का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. गयाजी के अलावा कैमूर, शेखपुरा, नालंदा, जहानाबाद, छपरा और मुंगेर में 1.2 डिग्री तक न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिला.
