लाइव सिटीज, पटना: राज्यसभा सांसद एवं बांकीपुर के पूर्व विधायक नितिन नवीन द्वारा मुख्यमंत्री, बिहार सम्राट चौधरी की मौजूदगी में सोमवार को होने वाले 115 करोड़ की लागत से बने मंदिरी नाले के उद्घाटन पर एनडीए सरकार का आभार व्यक्त किया है। इस संबंध में उन्होंने कहा कि राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में ये एक महत्वपूर्ण कदम है। मंदिरी नाले के निर्माण एवं विकास कार्य को क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को ध्यान में रखते हुए पूरा किया गया है। इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था अधिक सुचारु एवं व्यवस्थित होगी।
उन्होंने कहा कि, वहीं सड़क संपर्कता की बात करें तो नाले के ऊपर पथ निर्माण से नेहरू पथ से जे.पी गंगा पथ, अशोक राजपथ, डबल डेकर, पीएमसीएच तक जाने के लिए स्थानीय नागरिकों को एक नई कनेक्टिविटी की सुविधा मिलेगी। इस पथ के निर्माण से प्रमुख रूप से वार्ड संख्या 25, 26, 27 समेत उतरी बिहार जाने वाले लाखों की आबादी को सुगम सड़क संपर्कता मिलेगी। साथ ही पटना के बैली रोड पर होने वाले ट्रैफिक दबाव में भी कमी आयेगी।
राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने भावुक होते हुए कहा कि वर्ष 2004 में उनके पिता एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नवीन किशोर सिन्हा जी ने मंदिरी नाले की इस महत्वाकांक्षी योजना को तैयार करने का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने कहा, “आज जब यह परियोजना पूर्ण होकर जनता को समर्पित हो रही है, तो मुझे ऐसा महसूस हो रहा है कि मुझे अपने पिताजी का सपना साकार करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। बतौर बांकीपुर विधायक मुझे माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी की मौजूदगी में इस योजना का शिलान्यास करने का अवसर मिला था और आज उद्घाटन समारोह का हिस्सा बनना मेरे लिए अत्यंत गर्व और संतोष का विषय है।
बांकीपुर क्षेत्र के विकास एवं जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सरकार द्वारा लगातार कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा एवं बेहतर आधारभूत संरचना उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रही है। मंदिरी नाले का निर्माण भी इसी संकल्प का परिणाम है, जिससे हजारों स्थानीय नागरिकों को सीधा लाभ प्राप्त होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जायेगी और आने वाले समय में भी सड़क, नाला, पेयजल एवं अन्य जनहित से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जायेगा। उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि नितिन नवीन के नेतृत्व में बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्यों को गति मिली है। क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु निरंतर प्रयास किये जा रहे हैं। मंदिरी नाले का उद्घाटन भी इसी विकास श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय हो कि पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा मंदिरी नाले का जीर्णोद्धार का काम किया जा रहा है। इस पथ की कुल लम्बाई 1289 मीटर है। पथ की प्रशासनिक स्वीकृति की राशि₹ 115.08 करोड़ मात्र है। कार्य प्रारंभ की तिथि सितम्बर 2023 एवं कार्य समाप्ति की तिथि 25 मार्च 2026 है। पथ की चौड़ाई 5.5m x 2 Lane है एवं इसके अतिरिक्त सर्विस रोड 3.5 मीटर एवं ड्रेन की चौड़ाई 01 मीटर रख गया है। वहीं, मंदिरी नाला में मिलने वाले नालों में एसपी वर्मा रोड, मीठापुर, गर्दनीबाग, बाबूबजार, धोबीघाट, इकोपार्क 1, इकोपार्क 2, इकोपार्क 3, छज्जुबाग, एम०एल०ए० फ्लैट एवं सिचाई भवन शामिल है ।
इसके साथ ही पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा मंदिरी नाले पर 1289 मीटर लम्बी सड़क बनाई गई है। नाले के जीर्णोद्धार के साथ ही इसे ढक कर उसके उपर सड़क का निर्माण किया गया है। इस योजना के तहत नेहरू पथ (बेली रोड) पर आयकर चौराहा से दानापुर-बांकीपुर पथ के बांस घाट तक 1289 मीटर Box Drain-2 Lane (3.25 x 3.75) संपर्क पथ का निर्माण किया गया है। जिसमें सर्विस रोड के साथ नाला एवं Utility Duct का निर्माण किया गया है। साथ ही इसके साफ-सफाई हेतु 2 रैम्प का निर्माण किया गया है। इस अलावा सड़क के सौंदर्याकरण हेतु Street Lighting के साथ Land Scaping का कार्य किया गया है। इस परियोजना से नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी
