लाइव सिटीज, पटना: पटना में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रोड शो और मुख्यमंत्री Samrat Choudhary के कैबिनेट विस्तार कार्यक्रम को लेकर राजधानी की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदल दी गई है। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से पटना एयरपोर्ट से लेकर गांधी मैदान तक कई प्रमुख मार्गों पर सुबह 8 बजे से शाम 3 बजे तक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि जिन यात्रियों को एयरपोर्ट जाना है, वे कम से कम तीन घंटे पहले घर से निकलें ताकि जाम और रूट डायवर्जन की समस्या से बचा जा सके। हालांकि एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है।
राजधानी का गांधी मैदान और उसके आसपास का इलाका आज पूरी तरह नो-व्हीकल जोन में तब्दील रहेगा। एयरपोर्ट रोड, बेली रोड, पटेल गोलंबर, गर्दनीबाग, डाकबंगला चौराहा और बुद्धमार्ग समेत कई अहम सड़कों पर आम वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पटना जंक्शन से डाकबंगला की ओर किसी भी प्रकार के वाहन के परिचालन की अनुमति नहीं होगी। वहीं जीपीओ ऊपर और नीचे से कोतवाली की ओर जाने वाले रास्तों पर भी वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोक दी गई है। पुलिस लाइन तिराहा से कोतवाली की ओर बुद्धमार्ग में भी सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा
