लाइव सिटीज, मुंगेर: मुंगेर को भागलपुर और संथाल परगना से जोड़ने वाली मुंगेर-मिर्जाचौकी फोरलेन सड़क के निर्माण कार्य पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. अभी इस सड़क पर पूरी तरह गाड़ियों का आना-जाना शुरू भी नहीं हुआ है कि घोरघट और गनगनिया के बीच सड़क में बड़ी दरार आ गई है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क के जिस हिस्से में दरार आई है, वहां पिछले कुछ दिनों से मिट्टी धंसने की समस्या हो रही थी. धीरे-धीरे यह खराबी सड़क की ऊपरी सतह तक पहुंच गई और सड़क बीच से फट गई.
लोगों का कहना है कि अगर इस दरार को तुरंत ठीक नहीं किया गया, तो भारी ट्रकों और गाड़ियों के चलने से सड़क पूरी तरह टूट सकती है, जिससे बड़ा हादसा होने का डर है.
यह कोई छोटी-मोटी सड़क नहीं, बल्कि ₹3,792 करोड़ की भारी-भरकम लागत से बन रहा एक बेहद जरूरी प्रोजेक्ट है. इतनी बड़ी रकम खर्च होने के बाद भी ऐसी लापरवाही दिखने पर जनता में गुस्सा है
