HomeBiharतीन लाख छात्रों के लिए बड़ी पहल, बिहार में विद्या साथी लॉन्च;...

तीन लाख छात्रों के लिए बड़ी पहल, बिहार में विद्या साथी लॉन्च; 24×7 मिलेगा लाइव शिक्षक और AI सपोर्ट

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और व्यक्तिगत मार्गदर्शन देने के लिए राज्य सरकार ने नई डिजिटल पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24×7, 1:1 इंटरैक्टिव प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया। सरकार के अनुसार, इस पहल से राज्य के 38 जिलों के करीब 3 लाख विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।

बिहार विद्या साथी’ के शुभारंभ के मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सही मार्गदर्शन देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थी जब चाहें और जहां से चाहें, अपनी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 24 घंटे, सातों दिन लाइव शिक्षक उपलब्ध रहेंगे। विद्यार्थी अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार शिक्षक का चयन कर उनसे वन-टू-वन संवाद के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 75 हजार शिक्षक विद्यार्थियों को व्यक्तिगत शैक्षणिक सहयोग प्रदान करेंगे। कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए सभी विषयों की पढ़ाई उपलब्ध होगी। वहीं, कक्षा 11वीं और 12वीं के विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को लाइव ट्यूटर सपोर्ट के साथ बिहार बोर्ड, JEE और NEET की तैयारी के लिए डिजिटल अध्ययन सामग्री भी उपलब्ध कराई जाएगी।

बिहार विद्या साथी’ में आधुनिक AI टूल्स का भी इस्तेमाल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे विद्यार्थियों की कॉन्सेप्ट लर्निंग को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन और अभ्यास की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि फिलहाल यह व्यवस्था 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों से शुरू की जा रही है। आगे इसे राज्य के अन्य विद्यालयों तक भी विस्तारित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments