HomeBiharवैशाली में आज पीएम मोदी की मेगा रैली: 20 लाख वर्गफीट में...

वैशाली में आज पीएम मोदी की मेगा रैली: 20 लाख वर्गफीट में सजा भव्य पंडाल, सुरक्षा में 20 हजार जवान तैनात; घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक रूट

लाइव सिटीज, वैशाली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 21 नवंबर को वैशाली पहुंचेंगे. उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन और एनडीए की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं. राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी स्थित जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र में करीब 20 लाख वर्गफीट में विशाल सभा स्थल तैयार किया गया है. कार्यक्रम में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना है. इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए गए हैं.

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर 1:20 बजे रुस्तमपुर पहुंचेंगे. यहां नीतीश सेतु का लोकार्पण करने के बाद वे सड़क मार्ग से पुल पार कर जाफरपट्टी स्थित सभा स्थल पहुंचेंगे. इस दौरान प्रधानमंत्री खुले वाहन से लोगों के बीच से गुजरकर उनका अभिवादन स्वीकार करेंगे. इसके बाद विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, प्रधानमंत्री दोपहर 3:15 बजे जाफरपट्टी से प्रस्थान करेंगे.

प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरे वैशाली जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है. सुरक्षा व्यवस्था के लिए 20 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है. जमुई से बक्सर, बेतिया से मुजफ्फरपुर और पटना समेत कई जिलों के पुलिसकर्मियों एवं पदाधिकारियों को सुरक्षा ड्यूटी में लगाया गया है. केंद्र और राज्य की विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी कार्यक्रम स्थल पर कैंप कर रहे हैं.

मंच, हेलीपैड और आसपास के इलाकों की निगरानी एसपीजी कर रही है. रुस्तमपुर स्थित नीतीश सेतु के लोकार्पण स्थल से लेकर गंगा नदी और सभा स्थल तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए 100 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) लगाए गए हैं. वहीं, गंगा नदी में एसडीआरएफ की टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home