लाइव सिटीज, बक्सर: बक्सर के राजपुर थाना क्षेत्र के चौसा प्रखंड अंतर्गत चौसा-मोहनिया मुख्य मार्ग पर हनुमान राय के डेरा गांव के पास तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई, जिससे चार युवकों की मौत हो गई. कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर बेकाबू होकर पेड़ से जा भिड़ी, जिसमें कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई तथा एक घायल ने सदर अस्पताल बक्सर में दम तोड़ दिया.
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव से बारात का काफिला चौसा यादव मोड़ होते हुए कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के विशनपुरा गांव जा रहा था. हनुमान राय के डेरा गांव के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और पहले बाइक से टक्कर होने के बाद बाइक सवारों को बचाने की कोशिश में कार सीधे पेड़ से टकरा गई, जिससे कार के परखचे उड़ गए.
हादसे में घटनास्थल पर भतौरा गांव निवासी 30 वर्षीय बादल कुमार, पिता संतोष ठाकुर, 25 वर्षीय इरफान अंसारी और 20 वर्षीय अरबाज खान, पिता सोबन अली की मौत हो गई, जबकि सदर अस्पताल बक्सर ले जाए गए उतरौली गांव निवासी 34 वर्षीय अरुण कुमार, पिता राम निधि को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. वहीं बाइक सवार घायलों में सौरी गांव निवासी 22 वर्षीय शुभम राय, पिता अनिल राय और शिवम की गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है.
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई तथा पीछे आ रहे बारातियों के वाहन वहीं रुक गए, जिससे शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने के साथ शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी, जबकि थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
