लाइव सिटीज, वैशाली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को प्रस्तावित वैशाली दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दौरे की शुरुआत राघोपुर से करेंगे, जहां वे कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल का निरीक्षण करेंगे. इसके बाद राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी स्थित कार्यक्रम स्थल पर विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे.
डीएम वर्षा सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के इस दौरे के दौरान 21 विभागों की कुल 103 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा. इन योजनाओं की कुल लागत सात हजार करोड़ रुपए से अधिक है. इससे क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुलने की उम्मीद है.
डीएम वर्षा सिंह ने आगे बताया कि कार्यक्रम स्थल पर एक लाख से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त इंतजाम भी किए गए हैं. लोगों की सुविधा के लिए कुल 14 पार्किंग जोन बनाए गए हैं. इनमें बस, ऑटो और दोपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले रास्तों पर जगह-जगह साइनेज लगाए जाएंगे, ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी ना हो.
