लाइव सिटीज, गया: डोभी ओवरब्रिज के नीचे शुक्रवार की देर शाम एक सीएनजी कार में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गयी. सड़क पर चल रही स्विफ्ट डिजायर कार में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी कार जलकर राख हो गयी. कार में सवार दो लोगों ने शीशा तोड़कर बाहर निकल अपनी जान बचायी.
घटना के बाद मौके पर भीड़ जुट गयी और कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन ठप हो गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, उक्त कार डोभी थाना क्षेत्र के पिपरघट्टी के समीप रहने वाले एक टेंट हाउस संचालक की बतायी जा रही है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार ओवरब्रिज के नीचे से गुजर रही थी. इसी दौरान अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते उसमें आग लग गयी. आग की लपटें तेजी से फैलती देख कार में सवार दोनों व्यक्ति घबरा गये. उन्होंने किसी तरह कार का शीशा तोड़ा और बाहर निकलकर अपनी जान बचायी.
गनीमत रही कि इस घटना में दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आयी. आग देखकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन कार में सीएनजी गैस होने के कारण लोग पास जाने से हिचकिचाते रहे. तेज आग के बीच कुछ ही देर में कार पूरी तरह जल गयी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को जलती कार से दूर किया. अग्निशमन दल को भी सूचना दी गयी, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जल चुकी थी. आग लगने के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गयी. दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और यातायात प्रभावित हुआ. कुछ समय बाद मौके से जली हुई कार हटाकर आवागमन बहाल किया गया.
