लाइव सिटीज, छपरा: सारण जिले के परसा नगर पंचायत में रविवार को AK-47 नेटवर्क और हथियार तस्करी से जुड़े मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई की। दिल्ली और पटना से पहुंची NIA की विशेष टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में नगर पंचायत की मुख्य पार्षद आयशा खातून के आवास पर छापेमारी की।
अधिकारियों की टीम ने करीब चार घंटे तक घर के अलग-अलग हिस्सों की गहन तलाशी ली। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों और मामले से जुड़े संभावित साक्ष्यों की तलाश की गई। सुरक्षा के मद्देनजर कार्रवाई के दौरान इलाके में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई AK-47 नेटवर्क और हथियारों की कथित तस्करी से जुड़े मामले की जांच के तहत की गई है। NIA की टीम ने तलाशी के दौरान मिले सामान और दस्तावेजों की भी जांच की। मामले में जांच एजेंसी आगे की कार्रवाई के लिए जुटी हुई है।
यह मामला मुजफ्फरपुर के मुर्घटिया ब्रिज से लेंस और ज़िंदा गोलियों के साथ एक AK-47 राइफल की बरामदगी और 4 आरोपियों की गिरफ़्तारी से जुड़ा है।इसको लेकर मुजफ्फरपुर के फकुली थाना में केस दर्ज किया गया था।NIA के अनुसार 8 मई 2025 को 4 आरोपियों, जिनके नाम विकास कुमार, सत्यम कुमार, देवमणि राय और अहमद अंसारी हैं, के खिलाफ IPC की धारा 120B और UA (P) एक्ट की धाराओं 13 और 18 के तहत अपनी पहली सप्लीमेंट्री चार्जशीट फाइल की।
