लाइव सिटीज, पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आग्रह पर बंगाल सरकार ने फरक्का बराज के सभी गेट खोल दिए। पहल से बिहार में गंगा किनारे के कई जिलों में तेजी से बाढ़ नियंत्रण की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए विभिन्न प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
नवगछिया, राघोपुर दियारा, कोसी-गंगा संगम क्षेत्र, बेगूसराय एवं बख्तियारपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया। हवाई सर्वेक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा नदी एवं इसकी सहायक नदियों केजलस्तर, दियारा एवं निचले इलाकों में उत्पन्न स्थिति तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहे। प्रभावित लोगों तक भोजन, पेयजल, राहत सामग्री एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने भागलपुर एयरपोर्ट पर उच्च अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि तेजी से पानी का दवाब कम हो रहा है। बहुत जल्द स्थिति में सुधार होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखी जाएं। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
