लाइव सिटीज, पटना: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह समेत 176 यात्रियों से भरा इंडिगो का विमान संख्या 6E 2453 कल शाम पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान पक्षियों की झुंड देखकर डायवर्ट कर वाराणसी भेज दिया गया. दिल्ली से पटना आ रहा यह विमान सुरक्षित रूप से वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरा.
जब पायलट ने पटना एयरपोर्ट के रनवे पर विमान उतारने का प्रयास किया तो अचानक पक्षियों का बड़ा झुंड दिखाई दिया. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पायलट ने विमान को तुरंत डायवर्ट करने का निर्णय लिया और शाम 6.20 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग करवाई.
इस उड़ान में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह भी सवार थे. दिल्ली से पटना जा रहे कुल 176 यात्रियों को वाराणसी में उतारा गया. पायलट की सूझबूझ से संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई.इसी विमान से दिल्ली जाने वाले 167 यात्री पटना एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे थे. इंडिगो प्रशासन ने तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था कर उन्हें दूसरे विमान में शिफ्ट कर दिल्ली रवाना कर दिया.
24 अगस्त को भी पटना एयरपोर्ट पर एयर इंडिया के एक विमान को पक्षी से टक्कर लगी थी, जो बड़े हादसे में तब्दील होते-होते टल गई थी. इसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ने नगर निगम, जिला प्रशासन तथा वन एवं पर्यावरण विभाग के साथ बैठक की थी.
