लाइव सिटीज, पटना: पटना में मशहूर शिक्षक और यूट्यूबर खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर हुई पत्थरबाजी की घटना पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जदयू के नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अगर कोई अपराध होगा तो आरोपी पकड़ा भी जाएगा और सजा भी होगी।
जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद संजय झा ने घटना को लेकर कहा, ‘सरकार की सबसे पहली प्राथमिकता राज्य में कानून व्यवस्था को बनाए रखना है। इस पर कोई भी समझौता नहीं किया जा सकता है। बिहार में नीतीश कुमार का पिछले 20 साल का ट्रैक रिकॉर्ड है। उन्होंने दबंगों और अपराधियों का अच्छे से इंतजाम किया था। वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हैं और उनके शासनकाल में भी अपराधियों का इसी तरह इलाज किया जाएगा। अगर कोई अपराध होगा तो आरोपी पकड़ा भी जाएगा और सजा भी होगी।’
बिहार सरकार में मंत्री दिलीप जायसवाल ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बात करते हुए कहा, ‘खान सर के कोचिंग पर हमला-पथराव (Khan Sir Coaching Center Attack CCTV) के केस में कानून अपना काम करेगा। जो भी लोग दोषी होंगे, उन्हें सजा दी जाएगी।’ वहीं बिहार भाजपा के अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, ‘किसी को भी कहीं भी कानून तोड़ने का अधिकार नहीं है। जो कोई भी कानून का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए है और यह पता लगा रहा है कि आखिर मामला क्या है।’
