लाइव सिटीज, पटना: पटना में खान सर की कोचिंग ‘ग्लोबल स्टडीज’ पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद, अभिषेक और गौरव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस तीनों से घटना को लेकर लगातार सवाल-जवाब कर रही है. तीनों को पटना के दीघा थाने पुलिस ले गई है.
घटना के बाद खान सर ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर और वहां के कुछ कर्मियों पर हमला करवाने का आरोप लगाया था. उनका कहना था कि कोचिंग में घुसकर तोड़फोड़ की गई, पोस्टर फाड़े गए और सिक्योरिटी गार्ड के साथ बेरहमी से मारपीट की गई.
पुलिस को घटना के CCTV फुटेज भी मिले हैं. वीडियो में कुछ लोग गार्ड के साथ मारपीट करते और हंगामा करते दिखाई दे रहे हैं. इसी आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है. आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
