लाइव सिटीज, पटना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 137वें एपिसोड का प्रसारण किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन दरभंगा के बद्रीनगर में किया गया, जहां बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।
इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार के किसी भी शिक्षक को अब कोर्ट जाने की जरूरत नहीं है। उनकी कोई भी समस्या हो तो शिक्षक सीधे मंत्री से मिलकर अपनी समस्या का समाधान करा सकते हैं। वहीं, उन्होंने एक बार फिर कहा कि TRE-4 में एक ही परीक्षा ली जाएगी, जिसमें नेगेटिव मार्किंग होगी।
बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने दरभंगा में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों में दिखाई देने वाली कमियों में तेजी से सुधार किया जा रहा है। अगले छह महीने में सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इसके लिए विभाग और सरकार तेजी से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने बिहार में 700 से अधिक मॉडल स्कूल बनाकर बिहार के छात्र-छात्राओं को JEE और NEET जैसी परीक्षाओं में सफल बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में तेजी से काम किया है। हमें बहुत कुछ अच्छा मिला है, लेकिन छोटी-मोटी कमियों को भी जल्द दूर कर लिया जाएगा।
शिक्षा मंत्री श्री तिवारी ने बिहार के सभी शिक्षकों से कहा कि अब किसी भी शिक्षक को न्यायालय जाने की जरूरत नहीं है। हमारा विभाग संवाद के माध्यम से समाधान निकालने के लिए सदैव प्रयासरत है। किसी भी तरह का कन्फ्यूजन होने पर कोई भी शिक्षक सीधे हमसे मिलकर अपनी समस्या बता सकता है। उन्हें कोर्ट जाने की कोई जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा कि TRE-4 में छोटे-मोटे बदलाव हुए हैं, जिसमें एक परीक्षा कम कर दी गई है। अब TRE-4 की परीक्षा नेगेटिव मार्किंग के साथ ही ली जाएगी। BPSC का काम पाठ्यक्रम बनाना, प्रश्न पत्र तैयार करना और परीक्षा आयोजित करना है। परीक्षा की तिथि BPSC जारी करेगा।
