HomeBiharबिहार में एक साथ चार दोस्तों की मौत, 'शराब पार्टी' के बाद...

बिहार में एक साथ चार दोस्तों की मौत, ‘शराब पार्टी’ के बाद बिगड़ी थी तबीयत

लाइव सिटीज, पटना: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र के बेढ़ना गांव में शराब पार्टी के बाद चार दोस्तों की अचानक तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि पार्टी के बाद चारों की हालत तेजी से खराब होने लगी और कुछ ही देर में वे बेहोश होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया।

चारों युवकों को आनन-फानन में बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार किया। हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने चारों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।

परिजन उन्हें इलाज के लिए हायर सेंटर ले गए, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। इलाज के दौरान चारों की मौत हो गई। एक साथ चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना के बाद स्थानीय स्तर पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, चारों की तबीयत अचानक बिगड़ने और मौत की वास्तविक वजह क्या थी, इसका स्पष्ट पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि पार्टी में चारों ने क्या सेवन किया था।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments