लाइव सिटीज, पटना: बिहार में मानसून की गतिविधि फिलहाल कमजोर बनी हुई है. पिछले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिम बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश हुई. राज्य के बाकी हिस्सों में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने आज से 21 सितंबर तक का पूर्वानुमान जारी किया है.
मौसम विभाग के अनुसार, 16 सितंबर को राज्य के 25 जिलों में येलो अलर्ट रहेगा. इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवा और वज्रपात की भी आशंका है.16 सितंबर को पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, कैमूर, रोहतास औरंगाबाद, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, मधुबनी, दरभंगा और समस्तीपुर समेत 25 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है.
इसके अलावा उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम बिहार में तेज हवा चल सकती है. हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है. इन इलाकों में वज्रपात का भी खतरा है.
17 सितंबर को मौसम का असर कई जिलों में देखने को मिल सकता है. औरंगाबाद, बेगूसराय, खगड़िया और रोहतास में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है.उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-मध्य बिहार में बिजली चमकने के साथ तेज हवा चलने की संभावना है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है
18 सितंबर को दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बिहार के जिलों में मौसम बदल सकता है. इन इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात की आशंका है. साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं, 19 से 21 सितंबर तक राज्य के लिए मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है.
