HomeBiharसमस्तीपुर में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर NDA की बैठक में शामिल...

समस्तीपुर में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर NDA की बैठक में शामिल हुए अशोक चौधरी, कहा – Pm मोदी के नेतृत्व में देश सबल और सुरक्षित है

लाइव सिटीज, पटना: बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी आज समस्तीपुर में लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर आयोजित NDA की बैठक में शामिल हुए एवं कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर चौधरी ने कहा कि भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश सबल है, सुरक्षित है और तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा उन्होंने जो NDA को 400 का आंकड़ा पार करने का नारा दिया है वो निःसंदेह सफल होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विकसित बिहार के अपने उद्देश्य और भारत को एक विश्व महाशक्ति बनता देखने के लिए ही बिहार के ओजस्वी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मोदी जी के साथ हैं।

अशोक चौधरी ने कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से 18 साल पूर्व के बिहार को याद करते हुए विकास पुरुष नीतीश कुमार एवं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम वोट माँगने की अपील की। उन्होंने कहा कि नीतीश ने जो वादा किया था उसे पूरा करने का काम किया है।

उन्होंने कहा कि आदरणीय नेता को एक ऐसा बिहार मिला था जिसका बजट मात्र 23 हज़ार 885 करोड़ था लेकिन 18 साल पहले बिहार की जनता ने स्नेह और आशीर्वाद से माननीय नेता नीतीश कुमार के हाथ में बिहार की बागडोर दी तो इन 18 वर्षों में बिहार के विकास के लिए माननीय नेता के नेतृत्व में सरकार ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 2 लाख 78 हज़ार 725.72 करोड़ का बजट राज्य की जनता को समर्पित किया है।। यह बदलाव एक कुशल नेतृत्व का परिणाम है।

चौधरी ने कहा कि समस्तीपुर के लोगों में NDA को लेकर एक विश्वास और स्नेह है, जो साफ झलकता है। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है यहां के देवतुल्य मतदातागण अपनी प्रत्याशी शांभवी को विजयश्री का आशीर्वाद देंगे। उन्होंने लोजपा (रा०) के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चिराग पासवान जी को ह्रदय से धन्यवाद दिया और कहा कि समस्तीपुर से NDA समर्थित लोजपा (आर०) की योग्य एवं युवा प्रत्याशी शांभवी को इतनी कम उम्र में समस्तीपुर की जनता की सेवा करने का अवसर देकर उसपर भरोसा किया इसके लिए वो चिराग पासवान के आभारी हैं। चौधरी ने आशा व्यक्त की कि शांभवी समस्तीपुर के देवतुल्य मतदातागणो की सम्पूर्ण ऊर्जा से सेवा करने में सक्षम साबित होंगी।

चौधरी ने अपने साथ कार्यक्रम में उपस्थित NDA के नेताओं तथा सम्मानित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि शांभवी को टिकट दिलाने में उनकी कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा कि टिकट दिलवाने में आज कार्यक्रम में उनके साथ उपस्थित शांभवी के पति, युवा नेता श्री सायण कुणाल जी की भूमिका है तथा उनके पिता आदरणीय आचार्य किशोर कुणाल की भूमिका और उनका आशीर्वाद है।

अंत में चौधरी ने कार्यक्रम में उपस्थित सम्मानित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सम्पूर्ण ऊर्जा के साथ चुनाव लड़ने में अपने काबिल और युवा प्रत्याशी का साथ देकर मोदी के नारे को सफल बनाने का आह्वान किया। इस कार्यक्रम में वारीसनगर विधानसभा से विधायक अशोक कुमार मुन्ना , हायाघाट से विधायक रामचंद्र साह, कुशेश्वरस्थान से विधायक अमन भूषण हजारी , रोसड़ा से विधायक वीरेंद्र पासवान , पूर्व सांसद श्रीमती अश्वमेघ देवी जी, स्थानीय विधान पार्षद डॉ० तरुण कुमार , जद(यू ) प्रदेश महासचिव रंजीत कुमार झा, BJP जिलाध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, जद(यू) जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय , LJP(R) जिलाध्यक्ष हीरा सिंह जी, HAM जिलाध्यक्ष श्री केदार चौधरी, रालोमोर्चा जिलाध्यक्ष अनंत कुशवाहा , NDA के पदाधिकारियों एवं साथी कार्यकर्तागण भी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments