HomeBiharबोधगया में CM सम्राट का ऐलान, गया जी में बनेंगी 12 टाउनशिप,...

बोधगया में CM सम्राट का ऐलान, गया जी में बनेंगी 12 टाउनशिप, 20 हजार मेगावाट बिजली देगी सरकार

लाइव सिटीज, गया: बिहार में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बोधगया स्थित वेलकम होटल बाय आईटीसी होटल्स में बिहार इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी गया लिमिटेड (BIMCGL) एवं बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 के कर्टेन रेजर समारोह का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. इस दौरान उन्होंने गया-मगध क्षेत्र के विकास, औद्योगिक निवेश, रोजगार और आधुनिक शहरी सुविधाओं को लेकर सरकार की योजनाओं का जिक्र किया.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अब औद्योगिक विकास के लिए तैयार है. सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में उद्योगों के लिए लगभग 20 हजार मेगावाट बिजली की क्षमता विकसित करना है. इसके लिए सौर, पवन और हाइड्रोजन जैसी हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की बात कही. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे करीब 13 हजार एकड़ जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया शुरू की गयी है. वहीं, फरवरी में प्रस्तावित बिहार बिजनेस कनेक्ट 2027 तक उद्योगों के लिए लगभग 20 हजार एकड़ जमीन उपलब्ध कराने का लक्ष्य है.

सम्राट चौधरी ने कहा कि उद्योग लगाने से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाया जायेगा. निर्धारित 30 दिनों में प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर स्वत: मंजूरी की व्यवस्था लागू करने की योजना है. उन्होंने गया और बोधगया के बीच ऐतिहासिक मगध के नाम पर 12 टाउनशिप विकसित करने, सोन नदी से क्षेत्र को जोड़ने के लिए कॉरिडोर बनाने तथा पानी की उपलब्धता बेहतर करने की योजनाओं का भी उल्लेख किया.

मुख्यमंत्री ने गया-बोधगया को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने, बेहतर सड़क, अस्पताल, पर्यटन सुविधाओं और अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने पर जोर दिया. उन्होंने प्रवासी बिहारियों और उद्योगपतियों से अपनी जन्मभूमि में निवेश करने की अपील की.

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

freefonnatic1971 on Home