लाइव सिटीज, पटना: बिहार की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है. जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने मोकामा विधायक अनंत सिंह को पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है. पार्टी ने उनकी प्राथमिक सदस्यता भी तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी है. इसके साथ ही बिहार विधानसभा अध्यक्ष से संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता रद्द करने की सिफारिश की गई है. पार्टी ने पूर्व विधायक नीलम देवी को भी छह साल के लिए निष्कासित किया है
एमएलसी चुनाव के दौरान पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह के खुलकर उतरने के बाद यह कार्रवाई हुई है। जेडीयू नेतृत्व ने इसे पार्टी अनुशासन और निर्देशों की अवहेलना से जुड़ा मामला माना है। पार्टी ने अनंत सिंह की विधानसभा सदस्यता समाप्त करने की सिफारिश भी की है।
जेडीयू की ओर से जारी आदेश में अनंत सिंह पर पार्टी नेतृत्व के निर्देशों की बार-बार अनदेखी करने, विधायक पद की गरिमा के अनुरूप भाषा का इस्तेमाल नहीं करने और विधान परिषद चुनाव में दूसरी पार्टी के उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के आरोप लगाए गए हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा के हस्ताक्षर से जारी आदेश के मुताबिक, इन्हीं गतिविधियों को अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी आचरण का आधार बनाया गया है।
अनंत सिंह के निष्कासन की सबसे बड़ी वजह बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुआ चुनाव माना जा रहा है। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जेडीयू ने नीरज कुमार को अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया था। इसके बावजूद अनंत सिंह ने उनके समर्थन में उतरने के बजाय जन सुराज समर्थित उम्मीदवार अनुज सिंह का प्रचार किया।अनंत सिंह ने नीरज कुमार के खिलाफ खुलकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक बयानबाजी भी चर्चा में रही। जेडीयू के लिए यह स्थिति असहज थी, क्योंकि पार्टी का एक मौजूदा विधायक ही अपने दल के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार कर रहा था।
जेडीयू ने केवल अनंत सिंह पर ही कार्रवाई नहीं की, बल्कि उनकी पत्नी और पूर्व विधायक नीलम देवी की प्राथमिक सदस्यता भी रद्द कर दी है। उन्हें भी छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित किया गया है।पार्टी ने नीलम देवी के खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया है। इस फैसले के बाद अनंत सिंह और उनके परिवार की जेडीयू में राजनीतिक स्थिति पर बड़ा असर पड़ना तय माना जा रहा है।
