लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव के बीच उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) में सामने आए मतभेद को लेकर सियासत तेज हो गई है। पार्टी के तीन विधायक सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए के आधिकारिक उम्मीदवार के बजाय निर्दलीय उम्मीदवार रामपुकार सिन्हा के समर्थन में खड़े हो गए हैं। इसी मुद्दे पर आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र यादव ने उपेंद्र कुशवाहा पर सीधा हमला बोला है।
भाई वीरेंद्र यादव ने कहा कि RLM में सभी लोग उपेंद्र कुशवाहा को अपना नेता नहीं मानते हैं। उनके मुताबिक पार्टी के लोगों को अब यह समझ में आ गया है कि कुशवाहा अपने लिए और अपने परिवार के लिए राजनीति करते हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी वजह से पार्टी के नेताओं और विधायकों ने अपना अलग मोर्चा संभाल लिया है।
‘पत्नी और बेटे के लिए राजनीति करते हैं’
भाई वीरेंद्र ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा की राजनीति को लेकर RLM के अंदर असंतोष है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुशवाहा अपने बेटे और पत्नी के राजनीतिक हितों के लिए भी राजनीति करते हैं। भाई वीरेंद्र के मुताबिक इसी कारण पार्टी के अंदर उनके नेतृत्व को लेकर सभी लोग एकमत नहीं हैं।उन्होंने RLM में चल रहे घटनाक्रम को पार्टी का अंदरूनी मामला बताया और कहा कि नेताओं ने इसी वजह से अपना रास्ता अलग किया है।
तीन विधायक खुलकर आए सामने
दरअसल, सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से RLM के प्रदेश प्रवक्ता और प्रदेश महासचिव रामपुकार सिन्हा ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन किया है। उनके नामांकन के दौरान RLM के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह के अलावा विधायक माधव आनंद और रामेश्वर महतो भी मौजूद रहे।
इस तरह RLM के चार विधायकों में से तीन विधायक पार्टी के घोषित रुख से अलग दिखाई दिए। सारण शिक्षक सीट पर एनडीए की ओर से जेडीयू ने आनंद पुष्कर को उम्मीदवार बनाया है। RLM एनडीए का हिस्सा होने के कारण आधिकारिक तौर पर एनडीए उम्मीदवार के समर्थन में है।
विधायकों ने परिवारवाद और कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का लगाया आरोप
RLM के बागी विधायकों की ओर से भी पार्टी के अंदर परिवारवाद और कार्यकर्ताओं की अनदेखी का मुद्दा उठाया गया है। विधायक माधव आनंद ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है और उन्हें लगता है कि संगठन में उन्हें उचित सम्मान नहीं मिल रहा। इस पूरे घटनाक्रम को उन्होंने लंबे समय से चली आ रही संगठनात्मक नाराजगी से जोड़कर देखा।
उपेंद्र कुशवाहा ने बगावत से किया इनकार
वहीं उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी में किसी भी तरह की बगावत से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि जिस सीट पर एनडीए का उम्मीदवार है, RLM उसके साथ है। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी में न कोई बागी है और न ही बगावत।कुशवाहा ने चुनावी माहौल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि चुनाव की घोषणा के बाद राजनीतिक वातावरण में एक तरह का ‘नशा’ घुल गया है, जिसके कारण लोग मदहोश हो रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि RLM एनडीए के आधिकारिक उम्मीदवारों के साथ खड़ी है।
