लाइव सिटीज, पटना: राष्ट्रीय जनता दल द्वारा बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए मौजूदा एमएलसी सुनील सिंह को फिर से एमएलसी उम्मीदवार बनाए जाने के बाद पार्टी के भीतर असंतोष की आवाज उठने लगी है. राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी और सारण लोकसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी रहीं रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर एक तीखी पोस्ट कर पार्टी नेतृत्व के फैसले पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल सुनील सिंह ने अपना नॉमिनेशन भी कर दिया है.
रोहिणी आचार्य ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘X’ पर पोस्ट में किसी का नाम लिए बिना लिखा कि ”गुटबाजी, भीतरघात, विश्वासघात और विरोधियों से मिलीभगत” रखने वाले व्यक्ति को आखिर किस आधार पर उम्मीदवार बना दिया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हैं और अपने प्रभाव का गलत इस्तेमाल करते हैं.
रोहिणी ने आगे लिखा कि पार्टी की स्थापना से लेकर आज तक कई समर्पित, सम्मानित और जमीनी कार्यकर्ता पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहे हैं, लेकिन उनकी अनदेखी की जा रही है. उन्होंने इसे गंभीर चिंता का विषय बताते हुए कहा कि ऐसे फैसले पार्टी हित में नहीं हैं.
आगे उन्होंने कहा कि पार्टी की स्थापना के समय से लेकर आज तक पार्टी के साथ मजबूती से खड़े एक नहीं अनेकों समर्पित, सम्मानित , जमीन से जुड़े कट्टर लालूवादी अल्पसंख्यक चेहरे हैं , यादव , दलित , पिछड़े व् वंचित समाज से आने वाले वरिष्ठ व् युवा लोग हैं, ऐसे लोगों की अनदेखी गंभीर चिंता का विषय है और पार्टी हित में तो कतई नहीं है
