लाइव सिटीज, पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी अपने चरम पर पहुंच गई है. पर्चा दाखिल करने के अंतिम दिन आज विधानसभा परिसर में एनडीए (NDA) और महागठबंधन के उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए. एनडीए खेमे में भारी उत्साह देखा गया, जहां बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार वरिष्ठ नेता संजय झा के साथ विधानसभा पहुंचे और अपनी उम्मीदवारी का पर्चा भरा. नामांकन के बाद निशांत कुमार ने कहा कि वे उच्च सदन के सदस्य के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी के लिए पूरी तरह तैयार हैं.
पवन सिंह जब अपनी करीब 2.5 करोड़ रुपये की कीमती लैंड क्रूजर गाड़ी से विधानसभा पहुंचे, तो वहां मौजूद हर शख्स की नजरें उन पर टिक गईं. उनके साथ उनके बड़े भाई गुड्डू सिंह और समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद थी. भाई के नामांकन पर खुशी जताते हुए गुड्डू सिंह ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया. हालांकि, इस दौरान खुद पवन सिंह ने मीडिया के कैमरों के सामने कुछ भी बोलने से परहेज किया.
पर्चा दाखिल करने के दौरान एनडीए ने एकजुटता का बड़ा संदेश दिया. विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और चिराग पासवान समेत बिहार सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों की मौजूदगी रही. इसके विपरीत, विपक्षी महागठबंधन की ओर से कोई बड़ी हलचल या सीनियर लीडर नजर नहीं आया. राजद (RJD) कोटे से सुनील कुमार सिंह सुबह बिल्कुल अकेले ही अपना नामांकन दाखिल करने विधानसभा पहुंचे थे.
