लाइव सिटीज, पटना: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष त्यागराजन एसएम को केंद्र में खास जिम्मेदारी मिली है. आईएएस त्यागराजन एसएम भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2011 बैच के अधिकारी हैं. बिहार सरकार ने उनके केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की हरी झंडी दे दी है.
जानकारी के मुताबिक, आईएएस त्यागराजन एसएम केंद्र सरकार में सहकारिता मंत्रालय में निदेशक बनाए गए हैं. राज्य सरकार ने उन्हें नये पद पर प्रभार की तारीख से मुक्त कर दिया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में बुधवार को अधिसूचना जारी की है.
2011 बैच के अधिकारी त्यागराजन एसएम तमिलनाडु के कोयंबटूर के रहने वाले हैं. उन्होंने मेडिकल की पढ़ाई की है. इनके पास डॉ. MGR मेडिकल यूनिवर्सिटी, चेन्नई से मेडिसिन में MBBS की डिग्री है. वर्तमान में वह बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड के चेयरमैन के पद पर काम कर रहे हैं. बिहार में उन्होंने डीएम, कलेक्टर, एडिशनल डायरेक्टर जनरल समेत अन्य पदों पर काम किया. लेकिन अब वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं.
आईएएस त्यागराजन एसएम के सिविल सेवा में आने के सफर के बारे में बताया जाता है कि उनका 2010 भारतीय पुलिस सेवा का चयन हुआ. सहायक पुलिस अधीक्षक के तौर पर ओडिशा में उन्होंने काम किया. पुलिस सेवा करते हुए अनुभव लेने के बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी की. इसके बाद साल 2011 भारतीय प्रशासनिक सेवा में उनका चयन भी हो गया. यहां उन्हें बिहार कैडर मिला.
इसके बाद आईएएस त्यागराजन ने अलग-अलग जिलों और पदों पर जिम्मेदारियां निभाई. गया, दरभंगा और पटना में डीएम के पद पर उन्होंने काम किया. गया की बात करें तो, पितृपक्ष मेला का सही तरीके से और सुदृढ व्यवस्थाओं के साथ आयोजन त्यागराजन ने कराया था. इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी उन्होंने कई खास पहल किए. वंडर ऐप और श्रवण श्रुति जैसी पहल भी इनके नाम है.
