लाइव सिटीज, अररिया: अररिया में दर्दनाक हादसा हुआ है. बुधवार देर रात बैरगाछी-सिकटी मुख्य मार्ग पर ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गहरे पानी में जा गिरी. हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग सुपौल जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत थुमहा गांव के निवासी थे. सभी सिकटी प्रखंड की ढेडुआ पंचायत के भपटिया गांव में आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने आए थे. समारोह में शामिल होने के बाद देर रात सभी स्कॉर्पियो से अपने घर सुपौल लौट रहे थे.
इसी दौरान ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बीड़ी पुल के समीप तीखे मोड़ पर चालक स्कॉर्पियो से नियंत्रण खो बैठा. देखते ही देखते वाहन पुल के नीचे गहरे पानी में जा गिरा. हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन को घटना की सूचना दी, जिसके बाद तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
मृतकों में पांच यात्री और स्कॉर्पियो चालक शामिल हैं. मृतकों की पहचान यश कुमार (16 वर्ष), सौरभ कुमार (15 वर्ष), आदित्य अमन (20 वर्ष), मुन्ना कुमार (22 वर्ष), आर्यन (15 वर्ष) और वाहन चालक कुंदन यादव (28 वर्ष) के रूप में हुई है. सभी मृतक सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के थुमहा गांव के निवासी थे.
