लाइव सिटीज, खगड़िया: जिले में गुरुवार को हुई वज्रपात की घटनाओं ने पूरे इलाके को शोक और दहशत में डाल दिया. चौथम और बेलदौर प्रखंड में अलग-अलग हादसों में कुल पांच लोगों की मौत हो गई. जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम में सावधानी बरतने की अपील की है.
पौरा थाना क्षेत्र के कन्हौली बहियार स्थित दुखहरण बाबा स्थान के समीप सुबह खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर अचानक ठनका गिरा. इस हादसे में कन्हौली यादव टोला निवासी 62 वर्षीय विद्यानंद यादव, उनके पुत्र 26 वर्षीय आशुतोष यादव और 10 वर्षीय पौत्र अंकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना में विमल यादव और सुशील कुमार समेत चार लोग झुलस गए. दो घायलों का इलाज चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल दो अन्य को सदर अस्पताल खगड़िया रेफर किया गया. प्रशासनिक स्तर पर राहत और इलाज की व्यवस्था की जा रही है, लेकिन लोगों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है.
इतमादी सरस्वती नगर वार्ड संख्या 7 स्थित लबघड़िया गांव में एक ही परिवार के पांच लोग वज्रपात की चपेट में आ गए. हादसे में 35 वर्षीय जवाहर शर्मा की मौत हो गई, जबकि शंभू शर्मा, बेलो शर्मा, रुक्मणी देवी और रेखा देवी गंभीर रूप से घायल हुए. इनमें रेखा देवी की हालत नाजुक बताई जा रही है.
