लाइव सिटीज, पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद प्रशांत किशोर सोमवार को निर्वाचन प्रमाण पत्र लेने एएन कॉलेज पहुंचे. प्रमाण पत्र प्राप्त करने के दौरान उनके साथ पार्टी के कई नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे. एएन कॉलेज परिसर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया और जीत की बधाई दी.
प्रमाण पत्र लेने के बाद प्रशांत किशोर ने कहा कि यह जीत किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि बांकीपुर की जनता के भरोसे की जीत है. उन्होंने कहा कि जनता ने बदलाव की राजनीति पर विश्वास जताया है और अब उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि वह बांकीपुर की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे.
उन्होंने कहा कि जनसुराज बिहार में सकारात्मक राजनीति और जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है. जिन लोगों ने समर्थन दिया है, उनका आभार है और जिन्होंने समर्थन नहीं दिया, उनका विश्वास जीतने के लिए भी काम किया जाएगा.
प्रशांत किशोर के एएन कॉलेज पहुंचने के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला. कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर खुशी जताई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया. समर्थकों ने इसे जनसुराज की बढ़ती स्वीकार्यता और बिहार में नई राजनीतिक दिशा की शुरुआत बताया
