लाइव सिटीज, वैशाली: बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में केंद्रीय टीम वैशाली पहुंची. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के तेरसिया में बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया. इस दौरान दोनों नेताओं ने पहले नाव से बाढ़ के पानी के बीच पहुंचकर खेतों और केले के बागानों में फसल क्षति का जायजा लिया. इसके बाद ट्रैक्टर पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित इलाकों के बीच पहुंचे और स्थिति को करीब से देखा.
तेरसिया और आसपास का इलाका केले की खेती के लिए जाना जाता है. इस बार बाढ़ की वजह से यहां केले समेत कई फसलों को भारी नुकसान हुआ है. बताया जा रहा है कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में करीब 84 प्रतिशत फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है. इसी नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्रीय टीम बिहार पहुंची है.
जिला प्रशासन की ओर से केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री के निरीक्षण के लिए ट्रैक्टर की व्यवस्था की गई थी. हालांकि, तेरसिया पहुंचने के बाद शिवराज सिंह चौहान और सम्राट चौधरी पहले नाव पर सवार होकर बाढ़ प्रभावित खेतों की ओर निकल गए. नाव से दोनों नेताओं ने पानी से घिरे खेतों और केले के बागानों का निरीक्षण किया.
इसके बाद दोनों नेता ट्रैक्टर पर सवार हुए और बाढ़ प्रभावित इलाकों के बीच पहुंचे. ट्रैक्टर से उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति देखी और अधिकारियों से फसल क्षति की जानकारी ली. केंद्रीय टीम ने खास तौर पर खेती और किसानों को हुए नुकसान का जायजा लिया.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर वह बिहार आए हैं और राज्य के अलग-अलग बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ की स्थिति में बेहतर काम कर रही है. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सम्राट सरकार की ओर से बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता के तौर पर 7 हजार रुपये दिए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि तात्कालिक राहत के बाद नुकसान का विस्तृत आकलन करने के लिए एक और केंद्रीय टीम बिहार आएगी. केंद्रीय कृषि मंत्री ने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार बिहार को पूरा सहयोग देगी और केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ खड़ी रहेगी.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल आर्थिक सहायता देने का काम शुरू कर दिया गया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि बिहार में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र की ओर से अलग-अलग टीमें भेजी गई हैं, ताकि बाढ़ पीड़ितों को राहत मिल सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के लिए काम कर रही है. वहीं केंद्रीय टीम के जरिए फसल और अन्य नुकसान का आकलन कराया जा रहा है.
