HomeBiharआय से अधिक संपत्ति मामले में भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता...

आय से अधिक संपत्ति मामले में भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता के ठिकानों पर रेड, पटना समेत तीन जगहों पर निगरानी टीम की छापेमारी

लाइव सिटीज, पटना: बिहार के भवन निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता सह निदेशक पवन कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसी ने उनकी ज्ञात आय की तुलना में करीब 3.89 करोड़ रुपये यानी 103.94 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने के प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिलने के बाद मामला दर्ज कर उनके अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली। कार्रवाई पटना, भागलपुर, नोएडा और नई दिल्ली में की गई।

जांच के बाद दर्ज हुआ आय से अधिक संपत्ति का मामला

EOU के अनुसार, पवन कुमार के खिलाफ विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद उसका सत्यापन कराया गया। जांच में उनकी ज्ञात वैध आय की तुलना में करीब 3.89 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्ति होने के साक्ष्य सामने आए। इसके बाद आर्थिक अपराध थाना कांड संख्या 12/26 दर्ज किया गया और विशेष न्यायालय, निगरानी, पटना से तलाशी वारंट प्राप्त कर कार्रवाई शुरू की गई।

पटना से दिल्ली-एनसीआर तक 6 ठिकानों पर तलाशी

EOU की अलग-अलग टीमों ने पवन कुमार से जुड़े छह स्थानों पर तलाशी ली। इनमें पटना स्थित आवास और कार्यालय के अलावा भागलपुर के आनंदगढ़ कॉलोनी स्थित आवास, नोएडा सेक्टर-75 का फ्लैट तथा दिल्ली-एनसीआर से जुड़े अन्य ठिकाने शामिल थे। टीमों ने संपत्ति के दस्तावेज, वित्तीय लेनदेन और निवेश से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले।

13 अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले

तलाशी के दौरान EOU को पवन कुमार के सेवा काल में खरीदी गई कई अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज मिले। रिपोर्टों के अनुसार, जांच में कुल 13 संपत्तियों का विवरण सामने आया, जिनमें फ्लैट, मकान और भूखंड शामिल हैं। ये संपत्तियां पटना के अलावा दिल्ली-एनसीआर और अन्य स्थानों से जुड़ी बताई गई हैं।

पटना के श्रीकृष्णापुरी और आशियाना नगर के अलावा नोएडा और दिल्ली क्षेत्र में संपत्ति खरीद से जुड़े दस्तावेज जांच के दायरे में आए हैं। कुछ संपत्तियों की खरीद-बिक्री से जुड़े कागजात भी अधिकारियों ने खंगाले।

5.15 लाख रुपये नकद और करीब 39 लाख के गहनों की जानकारी

तलाशी के दौरान करीब 5.15 लाख रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई। इसके अलावा लगभग 39 लाख रुपये मूल्य के आभूषण और उनसे संबंधित खरीद के दस्तावेज भी जांच एजेंसी को मिले। इन संपत्तियों और सामान के स्रोत की जांच की जा रही है।

बैंक खातों और निवेश पर भी नजर

जांच के दौरान पवन कुमार और उनके परिजनों से जुड़े कई बैंक खातों तथा पीपीएफ में जमा राशि की जानकारी भी सामने आई। रिपोर्ट के मुताबिक करीब 90 लाख रुपये की जमा राशि से संबंधित जानकारी मिली है। इसके अलावा विभिन्न बीमा कंपनियों की पॉलिसियों के दस्तावेज भी जांच टीम के हाथ लगे हैं। EOU इन निवेशों और आय के स्रोत का मिलान कर रही है।

1997 में सहायक अभियंता के पद पर हुई थी नियुक्ति

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक पवन कुमार की सरकारी सेवा में नियुक्ति वर्ष 1997 में सहायक अभियंता के पद पर हुई थी। वर्तमान में वह भवन निर्माण विभाग के भवन निरूपण अंचल-1, पटना में अधीक्षण अभियंता के पद पर कार्यरत थे और निदेशक, निरूपण इकाई की जिम्मेदारी भी संभाल रहे थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments