HomeBiharTRE-4 अभ्यर्थियों की शिक्षा मंत्री से मुलाकात, मांगों पर मिला समाधान का...

TRE-4 अभ्यर्थियों की शिक्षा मंत्री से मुलाकात, मांगों पर मिला समाधान का भरोसा

लाइव सिटीज, पटना: बिहार में TRE-4 को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार जारी है। पटना के गर्दनीबाग स्थित धरनास्थल पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गुरुवार को शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी से मिलने पहुंचे। अभ्यर्थियों ने मंत्री के सामने अपनी समस्याएं और मांगें रखीं।

अभ्यर्थियों से मिलने के लिए शिक्षा मंत्री खुद बाहर आए और काफी देर तक उनसे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने छात्रों की बातों को गंभीरता से सुना और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को सुनने और उनका उचित समाधान निकालने के लिए तैयार है।
अभ्यर्थियों की प्रमुख मांगों में Tre-4 में सीटों की संख्या बढ़ाना, उम्र सीमा में राहत और पात्रता से जुड़ी कई मांगें शामिल हैं। कुछ अभ्यर्थियों ने भोजपुरी विषय में सीट बढ़ाने की मांग भी शिक्षा मंत्री के सामने रखी।

इसके अलावा CTET 2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को भी tre-4 में आवेदन या परीक्षा में शामिल होने का अवसर देने की मांग उठाई गई। अभ्यर्थियों का कहना है कि जब STET 2026 के अभ्यर्थियों को tre-4 में मौका दिया जा रहा है, तो CTET 2026 के अपीयरिंग अभ्यर्थियों के लिए भी समान व्यवस्था होनी चाहिए।
मुलाकात के दौरान कई अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री के सामने हाथ जोड़कर अपनी मांगें रखते नजर आए। मंत्री ने उनकी बातों को सुना और भरोसा दिलाया कि समस्याओं को समझकर उनके समाधान का रास्ता निकाला जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों से यह भी कहा कि अगर छात्रों को कोई परेशानी है तो वे सीधे सरकार और विभाग के सामने अपनी बात रखें। उन्होंने कहा कि बातचीत के जरिए समस्याओं का समाधान किया जा सकता है और इसके लिए उनका दरवाजा हमेशा खुला है।फिलहाल tre-4 अभ्यर्थी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गर्दनीबाग में धरना दे रहे हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार अभ्यर्थियों की मांगों पर आगे क्या निर्णय लेती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments