HomeBiharनेपाल की त्रासदी पर तेजस्वी यादव बोले- बिहार सरकार सतर्क रहे, गंडक...

नेपाल की त्रासदी पर तेजस्वी यादव बोले- बिहार सरकार सतर्क रहे, गंडक पर पड़ सकता है असर

लाइव सिटीज, पटना बिहार में गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर के बीच नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने नेपाल में आई त्रासदी को लेकर चिंता जताई है। तेजस्वी यादव गुरुवार को अपने पिता और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव तथा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के साथ दिल्ली रवाना हुए। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने नेपाल में आई बाढ़ और तबाही को बेहद दर्दनाक बताया।

तेजस्वी यादव ने कहा कि नेपाल में जो हादसा हुआ है, वह बहुत दर्दनाक है। बुधवार शाम सामने आए वीडियो और विजुअल्स में जिस तरह लोग अपनी जान बचाने के लिए भागते दिखाई दिए, उससे स्थिति की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नेपाल में हुई इस त्रासदी के मद्देनजर बिहार सरकार को लगातार निगरानी रखने की जरूरत है।

तेजस्वी यादव ने बिहार के लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई बाढ़ का असर बिहार की नदियों पर भी पड़ने की आशंका है। खास तौर पर गंडक नदी में जलप्रवाह बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों को ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सभी लोग सावधानी बरतें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

पटना एयरपोर्ट पर तेजस्वी यादव से जातीय जनगणना को लेकर भी सवाल किया गया। उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार के दौरान जातीय सर्वे कराया गया था और इसके आधार पर आरक्षण की सीमा बढ़ाई गई थी। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बीजेपी के सत्ता में आने के बाद आरक्षण से जुड़े फैसलों को खत्म कर दिया गया। उन्होंने कहा कि आरक्षण की बढ़ी हुई सीमा को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग भी की गई थी, लेकिन केंद्र सरकार ने इस पर कदम नहीं उठाया।

दरअसल, नेपाल के तराई और पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के बाद कई जगह बाढ़ जैसी स्थिति बनी है। इसका असर बिहार की सीमा से होकर गुजरने वाली नदियों पर भी दिखाई दे रहा है। गंडक नदी के जलस्तर और जलप्रवाह में लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है। ऐसे में नदी किनारे रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments