लाइव सिटीज, मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस का एक और मामला सामने आया है. जिले के बोचहा थाना क्षेत्र के चकेलाल गांव निवासी किसान एवं नर्सरी संचालक राजू कुमार चौधरी (40) की मंगलवार को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. राजू चौधरी कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए मुख्यमंत्री से सम्मानित हो चुके थे. घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है.
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, राजू कुमार चौधरी अपने गांव स्थित किराना दुकान पर बैठे लहसुन छील रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे. पहले उन्होंने सामान खरीदने की बात की और फिर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. एक गोली राजू चौधरी के सिर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े.
घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने राजू चौधरी को तत्काल इलाज के लिए एसकेएमसीएच पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, राजू कुमार चौधरी एक मेहनती और प्रगतिशील किसान थे. कृषि और नर्सरी के क्षेत्र में उनके योगदान की वजह से उन्हें समाज में विशेष सम्मान प्राप्त था.
घटना की सूचना मिलते ही बोचहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर एसकेएमसीएच पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली.
