लाइव सिटीज, पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके कोचिंग संस्थानों के संचालन को लेकर शिक्षा विभाग को निर्देश जारी किया है. इसमें उन्होंने बताया कि सरकार का मकसद राज्य की शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन, पारदर्शिता और पढ़ाई की क्वालिटी को बेहतर बनाना है
सम्राट चौधरी ने X पर लिखा कि अब बिहार के सभी कोचिंग संस्थानों के लिए यह पूरी तरह अनिवार्य कर दिया गया है कि वे अपने यहां पढ़ने वाले सभी छात्र-छात्राओं की पूरी जानकारी संबंधित जिला प्रशासन को सौंपे. कोई भी कोचिंग संस्थान अब बच्चों का ब्योरा छिपा नहीं सकेगा. इससे व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी.
छात्रों के स्कूल और कॉलेज न छूटें, इसके लिए सरकार ने समय को लेकर सख्त रुख अपनाया है. निर्देश में साफ कहा गया है कि स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ाई के लिए जो समय तय है, उस दौरान कोई भी कोचिंग संस्थान अपनी क्लास नहीं चला सकेगा. यह नियम उन छात्रों पर लागू नहीं होगा जो अपनी स्कूली या कॉलेज की रेगुलर पढ़ाई पूरी कर चुके हैं.
