लाइव सिटीज, पटना: नालंदा के विधायक श्रवण कुमार को जदयू विधायक दल का नेता चुना गया है. पार्टी की ओर से उनके नाम का प्रस्ताव पहले ही विधानसभा भेजा जा चुका था, जिस पर अब औपचारिक मुहर लग गई है. विधानसभा सचिवालय ने भी इसे लेकर नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. तीन दिन पहले ही बिहार सरकार ने पूर्व मंत्री श्रवण कुमार की सुरक्षा बढ़ाते हुए Y प्लस कैटेगरी की सुरक्षा प्रदान की है.
दरअसल, जदयू विधायकों ने पहले ही नेता के चयन का अधिकार पार्टी नेतृत्व को दे दिया था. इसके बाद शीर्ष नेतृत्व ने विचार-विमर्श कर श्रवण कुमार के नाम पर सहमति बना ली. इस फैसले को अब आधिकारिक रूप दे दिया गया है
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे अहम भूमिका पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की रही. उनके अनुमोदन के बाद ही श्रवण कुमार के नाम पर अंतिम मुहर लगी. इसके साथ ही उन्हें जदयू विधायक दल का नेता घोषित कर दिया गया.
