HomeBiharदरवाजा खोलते ही सिर में मारी गोली, नशे में धुत पति ने...

दरवाजा खोलते ही सिर में मारी गोली, नशे में धुत पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट; बाइक खरीदने को लेकर हुआ था विवाद

लाइव सिटीज, नालंदा: बिहार के नालंदा जिले से घरेलू विवाद में पत्नी की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कल्याणबिगहा थाना क्षेत्र के कोलावां गांव में पति ने कथित तौर पर शराब के नशे में अपनी पत्नी के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

बाइक खरीदना चाहता था पति, घर बनाने की थी पत्नी की इच्छा

मृतका की पहचान 26 वर्षीय कांति देवी के रूप में हुई है। उनकी शादी लड्डू मांझी से हुई थी। परिजनों के अनुसार, पति करीब दो महीने पहले दरभंगा के एक ईंट-भट्ठे से मजदूरी कर घर लौटा था। मजदूरी से मिले पैसों से वह बाइक खरीदना चाहता था, जबकि पत्नी घर बनाने की बात कह रही थी। इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच पहले से मतभेद चल रहे थे।

दरवाजा खोलते ही सिर में मारी गोली

बताया गया कि इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद पति शराब के नशे में घर पहुंचा। पत्नी ने जब दरवाजा खोला तो आरोपी ने कथित तौर पर कट्टे से उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगने के बाद महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई।

छह बेटियों की मां थी कांति देवी

कांति देवी अपने पीछे छह बेटियों को छोड़ गई हैं। परिवार के मुताबिक, उनकी सबसे छोटी बेटी अभी महज नौ महीने की है। मां की मौत के बाद सभी बच्चियों के सिर से मां का साया उठ गया है। वहीं, आरोपी पिता की गिरफ्तारी के बाद बच्चियों की देखभाल की जिम्मेदारी परिवार के बुजुर्गों पर आ गई है।

हथियार के साथ आरोपी पति गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलने के बाद कल्याणबिगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से हथियार बरामद किया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है।

घरेलू विवाद के बाद हुई वारदात से गांव में सनसनी

मामूली घरेलू विवाद ने देखते ही देखते एक परिवार को तबाह कर दिया। घटना के बाद मृतका के मायके और ससुराल पक्ष में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के पीछे रहे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments

bracunrenra1985 on Home
freefonnatic1971 on Home