लाइव सिटीज, पटना: बिहार में TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। सरकार ने TRE-4 परीक्षा को एकल चरण में आयोजित करने की मांग को स्वीकार कर लिया है। छात्र प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में इस मुद्दे समेत कुल 10 अहम मांगों पर सहमति बनी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की है।
27 अगस्त को शिक्षा विभाग के सचिव की अध्यक्षता में छात्र प्रतिनिधि मंडल के साथ बैठक हुई. इसमें छात्रों की ओर से रखी गई मांगों पर एक-एक करके चर्चा की गई. बैठक में TRE-4 भर्ती परीक्षा को एकल चरण में कराने की मांग स्वीकार कर ली गई. साथ ही एक अभ्यर्थी-एक परिणाम के मामले में नियम के अनुसार आगे की कार्रवाई करने का फैसला लिया गया.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सरकार छात्रों की मांगों को लेकर शुरू से ही गंभीर रही है. उन्होंने बताया कि इस बार की TRE-4 परीक्षा एकल चरण में आयोजित की जाएगी. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इसके साथ 9 अन्य महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं.
सम्राट चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार ने अलग-अलग परीक्षाओं में सुधार के लिए सुझाव देने के लिए ‘परीक्षा सुधार पर एक विशेषज्ञ समिति‘ बनाई है. यह कमिटी पटना हाईकोर्ट के न्यायाधीश की अध्यक्षता में काम करेगी और अलग-अलग परीक्षाओं से जुड़ी छात्रों की शिकायतों को भी सुनेगी.
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में बताया कि छात्रों की समस्याओं और शिकायतों को जल्दी सुलझाने के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ और ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ शुरू किए गए हैं. सरकार के मुताबिक, इन माध्यमों से छात्रों की समस्याओं का समाधान 30 दिनों के भीतर किया जा रहा है.
